5 दिसंबर तक आयोजित महोत्सव में ओडीओपी योजना में खादी उत्पादों पर 30- 40% तक छूट
माटी कला, ग्रामोद्योग व हस्तशिल्प उत्पादों पर 2040 % की छूट
हिन्द लाइव न्यूज, राजेश भाटिया।

मुरादाबाद।पारंपरिक हुनर, हस्तशिल्प, खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को नई पहचान दिलाने व ग्रामीण कारीगरों और उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने के मकसद से मुरादाबाद में खादी महोत्सव आयोजित किया जाएगा। 26 नवंबर से कांठ रोड पर युवा केन्द्र में लगने वाले महोत्सव में देश प्रदेश के उत्कृष्ट स्वदेशी उत्पाद आसानी से मिलेंगे।
डीएम अनुनय झा के अनुसार महोत्सव में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, मध्यप्रदेश समेत अन्य राज्यों के कुशल कारीगर, बुनकर व ग्रामोद्योग उद्यमी अपने उत्पादों का प्रदर्शन व बिक्री करेंगे।
एक छत के नीचे विभिन्न राज्यों के उत्कृष्ट स्वदेशी उत्पाद––
महोत्सव में एक जिला-एक उत्पाद,खादी,हस्तशिल्प व माटीकला से जुड़े विविध उत्पाद एक ही जगह मिलेंगे। इनमें बनारस की प्रसिद्ध सिल्क साड़ियां, लखनऊ की चिकनकारी,भदोही का कालीन, उत्तराखंड के ऊनी व गर्म वस्त्र, कश्मीरी पश्मीना तथा सूती और रेशमी खादी के कुर्ते-पायजामे,सदरी और लोई प्रमुख आकर्षण होंगे।
माटीकला के तहत आजमगढ़ की ब्लैक पॉटरी,गोरखपुर का टेराकोटा सहित कुल्हड़, सुराही,मटके,तवा,हांडी,चाय के कप-प्लेट,गमले, गुल्लक,डिजाइनर दीये, झूमर एवं आकर्षक शो-पीस होंगे।
इसके अलावा मुरादाबाद के पीतल उत्पाद,सहारनपुर का नक्काशीदार लकड़ी फर्नीचर,खुर्जा की पॉटरी,फिरोजाबाद के कांच उत्पाद,कानपुर और आगरा के चमड़ा उत्पाद, राजस्थान की जूतियां भी मेहमानों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगी।
खाद्य एवं सुगंधित उत्पादों में कन्नौज का प्राकृतिक इत्र,हाथरस की हींग,अचार एवं मुरब्बा,बीकानेरी नमकीन एवं पापड़, उत्तराखंड की पहाड़ी दालें,मंडुआ,शुद्ध शहद तथा आयुर्वेदिक एवं हर्बल सौंदर्य उत्पाद भी मिलेंगे।
डीएम अनुनय झा ने बताया कि महोत्सव में स्वदेशी व सभी खादी उत्पादों पर 20-40 % तक छूट मिलेगी। जबकि माटीकला, ग्रामोद्योग व अन्य हस्तशिल्प उत्पाद खरीदने पर लोगों को 20-30 प्रतिशत की छूट होगी।
इसके अलावा शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। जिससे मेहमानों को भारतीय लोक संस्कृति व परंपराओं से रुबरु होने का मौका मिलेगा।
