निलंबन पर बवाल,अन्य कर्मचारियों का कार्यक्षेत्र भी बदला
अपर नगर आयुक्त-कर्मचारी नेताओं में तीखी बहस
हिन्द लाइव न्यूज, राजेश भाटिया।

मुरादाबाद।नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने आउटसोर्सिंग कर्मियों का ओवरटाइम काटने में स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मी रेनू गोयल को निलंबित कर दिया। साथ ही चार अन्य कर्मचारियों पर भी कार्रवाई हुई। कर्मचारी के निलंबन को लेकर शनिवार को निगम के कर्मचारी नेताओं ने विरोध भी जताया।
नगर निगम में स्वास्थ्य विभाग में तैनात महिला बाबू के निलंबन का मामला कर्मियों के ओवरटाइम काटने को लेकर है।अक्टूबर माह में स्वास्थ्य विभाग की कर्मचारी ने आउटसोर्सिंग कर्मियों चार दिन का ओवरटाइम भुगतान रोक दिया।त्योहार पर कर्मियों को इसकी जानकारी मिली तो हंगामा हो गया। हालांकि निगम अधिकारियों ने कर्मचारियों को ओवरटाइम भुगतान कराने का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया।अब महिला कर्मी रेनू गोयल से जवाब मांगा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की गई।
अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि सफाई कर्मचारी महीने में चार साप्ताहिक अवकाश के दिनों में काम करते हैं।इसके बदले उन्हें ओवरटाइम भुगतान किया जाता है। हर बार कर्मियों को ओवरटाइम भुगतान की व्यवस्था है पर दीपावली पर कर्मियों का ओवरटाइम भुगतान काट लिया गया। मामले की जानकारी मिलने पर नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने संबंधित महिला कर्मी को निलंबित कर दिया।अन्य चार कर्मियों के कार्य क्षेत्र भी बदल दिए।
कर्मचारी संघ ने जताईं नाराजगी —
शनिवार को कार्रवाई की जानकारी मिली तो कर्मचारी नेताओं में रोष फैल गया।नेताओं ने पहले नगर आयुक्त से मिलना चाहा।वे न मिले तो अपर नगर आयुक्त से मिलने पहुंचे।नेताओं ने कर्मचारी के निलंबन अवैध ठहराया।इसे लेकर अपर नगर आयुक्त व नेताओं में गर्मा गर्मी भी हुई।
नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक का कहना है कि विभागीय काम में लापरवाही के चलते कर्मचारी को निलंबित किया गया। कर्मचारी से जवाब मांगा गया है।उन्हें दूसरे विभाग से अटैच किया गया है। जांच कराई जा रही है।
