मुरादाबाद में ईद अल-अज़हा का त्योहार धार्मिक उल्लास और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। शहर की ऐतिहासिक ईदगाह में सुबह बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने ईद अल-अज़हा की नमाज अदा की और मुल्क में अमन, शांति, खुशहाली तथा तरक्की के लिए विशेष दुआ मांगी। नमाज के दौरान ईदगाह परिसर में सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही।

नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह के बाहर सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के लोगों ने भी नमाजियों का स्वागत किया। समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा और सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने ईदगाह पहुंचकर नमाजियों का अभिनंदन किया और सभी को ईद की शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर सांसद रुचि वीरा ने कहा कि ईद अल-अज़हा त्याग, भाईचारे और इंसानियत का पैगाम देने वाला त्योहार है। वहीं सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने कहा कि सभी धर्मों के त्योहार समाज में आपसी सौहार्द और एकता को मजबूत करते हैं।

ईदगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में नगर निगम एवं प्रशासन की ओर से साफ-सफाई, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे। नमाज के बाद लोगों ने अपने घरों और रिश्तेदारों के यहां जाकर ईद की खुशियां साझा कीं।
