कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय राजस्व पुस्तकालय बनेगी आकर्षक
जिला प्रशासन संभालेंगा पुराने अभिलेख, महत्वपूर्ण जानकारियां
हिन्द लाइव न्यूज। राजेश भाटिया

मुरादाबाद। मुरादाबाद कलेक्ट्रेट में स्थित राजस्व पुस्तकालय को संवारा जाएगा।इस लाइब्रेरी का न केवल सुंदरीकरण होगा बल्कि इसमें रखे डेढ़ सौ वर्ष पुराने व महत्वपूर्ण अभिलेखों का भी डिजिटलीकरण कर सुरक्षित बनाया जाएगा।
मुरादाबाद के डीएम डॅा. राजेन्द्र सिंह पैंसिया ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित जिला स्तरीय राजस्व पुस्तकालय का निरीक्षण किया। उन्होंंने लाइब्रेरी में रखे पुराने एवं महत्वपूर्ण अभिलेख देखें।इन रिकार्ड की ऐतिहासिक एवं प्रशासनिक उपयोगिता को लेकर डीएम ने राजस्व अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लीं।
बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीएम ने कहा कि राजस्व पुस्तकालय(लाइब्रेरी) में 150 वर्ष से अधिक पुराने महत्वपूर्ण अभिलेख व रिकॉर्ड सुरक्षित हैं। इन अभिलेखों में तत्कालीन राजस्व व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यप्रणाली, भूमि अभिलेखों के विकासक्रम व शासन -प्रशासन से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां संरक्षित हैं।रिकार्ड को वर्तमान में राजस्व प्रशासन के लिए भी उपयोगी सामग्री हैं।
डीएम ने बताया कि इन बेशकीमती रिकार्ड के दीर्घकालीन संरक्षण एवं सुगम उपयोग को देखते हुए पुस्तकालय का सौंदर्यीकरण किया जाए। इससे यहां रखे सभी अभिलेखों का चरणबद्ध तरीके से डिजिटलीकरण कराया जाएगा।इससे न केवल ऐतिहासिक दस्तावेज सुरक्षित रहेंगे बल्कि जरुरत पड़ने पर इन अभिलेखों का सुविधा अनुसार उपयोग भी किया जा सकेगा।
कहा कि पुस्तकालय में अध्ययन एवं संदर्भ कार्य के लिए सभी जरुरी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।जिससे तमाम राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी राजस्व कानून, नियम, ऐतिहासिक अभिलेखों व राजस्व् प्रशासन की बारीकियों का अध्ययन कर सकें।कानून व नियमों की जानकारी होने से उनके कार्यों की गुणवत्ता और भी सुधरेगी।
डीएम ने कहा कि राजस्व से जुड़े अहम रिकार्ड केवल प्रशासनिक दस्तावेज नहीं, बल्कि जिले की ऐतिहासिक एवं प्रशासनिक विरासत भी हैं। इनका संरक्षण, संवर्धन एवं डिजिटलीकरण आने वाली पीढ़ियों व प्रशासनिक व्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण है।
