नई कमिश्नर संगीता सिंह ने लिया चार्ज, प्रशासनिक तंत्र में टीम बिल्डिंग पर जोर
मंडलायुक्त ने बताई प्राथमिकताएं
कुपोषित बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाने को पोषण 2.0 अभियान राजस्व विवाद सुलझाने को श्री जी मॉडल की शुरुआत
हिन्द लाइव न्यूज,राजेश भाटिया

मुरादाबाद। मंगलवार को कमिश्नर संगीता सिंह ने कार्यभार ग्रहण कर लिया। नवागत कमिश्नर ने कहा कि शासन की योजनाओं को गुणवत्ता पूर्ण जनता तक पहुंचाने,कानून व्यवस्था व आम लोगों तक बेहतर सुविधाएं मुहैया कराना मुख्य लक्ष्य है। कमिश्नर ने जटिल राजस्व विवाद को सुलझाने को श्री जी मॉडल लागू करने को कहा। कुपोषित बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाने को मॉडल शुरु होगा। पोषण 2.0 अभियान के संचालन की कार्ययोजना भी साझा की। 1994 बैच की पीसीएस व 2009 बैच की आईएएस संगीता सिंह आयुष्मान भारत की स्टेट सीईओ व सुल्तानपुर की डीएम, अलीगढ़ कमिश्नर भी रही है।
मंगलवार को नवागत मंडलायुक्त कमिश्नरी कार्यालय पहुंची और कार्यभार संभाला। डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने उनका स्वागत किया। गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

मंडलायुक्त ने मंडल में सभी जिलों में चौमुखी विकास पर जोर दिया। साफ कहा कि प्रशासनिक तंत्र में टीम बिल्डिंग व मेंटरशिप उनकी कार्यशैली होगी। जिसमें सभी अधिकारी एक ही दिशा में तालमेल के साथ कार्य करेंगे।
पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था,विकास कार्यों और शासन की प्राथमिकताओं को जनता तक पहुंचाना प्रमुख प्राथमिकता होगी। कमिश्नर ने जन कल्याणकारी योजनाओं को लेकर विस्तार से जानकारी दी। बताया कि राजस्व विवादों को सुलझाने के लिए योजना अमल में लाई जाएगी। ‘श्रीजी’ मॉडल से सबसे जटिल राजस्व विवाद को सुलझाने की शुरुआत होगी। जमीनी व राजस्व विवादों को सुलझाने को मंडल में यह मॉडल लागू करेंगी।

प्रत्येक मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मंडल में एक जिले की सभी तहसीलों को सीधे जोड़ा जाएगा।हर तहसील से सबसे जटिल, लंबे समय से लंबित गंभीर राजस्व प्रकरणों का कमिश्नर के समक्ष प्रस्तुतीकरण कराया जाएगा। कमिश्नर स्वयं इन केसों में निस्ताण करेंगी। इससे भू-माफियाओं व भूमि विवादों पर अंकुश लगेगा।
जबकि 371 कुपोषित बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाने के लिए मॉडल ‘पोषण 2.0’ से अभियान शुरु होगा।महिलाओं के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन का विस्तार मिलेगा।
इसके अलावा पीतल उद्योग के उत्थान के लिए कमिश्नर ने उद्योग बंधु की बैठक में मंडल के प्रमुख निर्यातकों,हस्तशिल्पी व छोटे एमएसएमई उद्यमियों से सीधा संवाद कर औद्योगिक विकास में आ रही रुकावटों को दूर करने का आश्वासन दिया।
कमिश्नर ने महिला स्वास्थ्य पर वैक्सीनेशन व सड़क सुरक्षा पर सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए।कहा कि सड़क दुर्घटनाओं व जाम से निजात के लिए जिला सड़क सुरक्षा समितियों की नियमित बैठकें कराने को कहा। कहा कि ब्लैक स्पॉट्स, सुगम यातायात व सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाएं जाएंगे।
