काफूरपुर-अमरोहा रेल खंड में दोनों ओर से तेज गति से दौड़ाएं गए इंजन
टक्कर से ठीक पहले अपने आप रुके इंजन
हिन्द लाइव न्यूज,राजेश भाटिया।

मुरादाबाद। स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली का मुरादाबाद मंडल में गुरुवार को परीक्षण सफल रहा। ट्रेनों की टक्कर व दुर्घटनाएं रोकने के लिए कवच प्रणाली का पहला बार ट्रायल हुआ। यह ट्रायल मंडल में गजरौला-मुरादाबाद खंड में किया गया।
मुरादाबाद में पहली बार मेडहा कंपनी का ‘मानक कवच’ (SIL-0) सफलतापूर्वक परीक्षण हुआ।परीक्षण के तहत काफूरपुर- अमरोहा में दो इंजन दोनों ओर से तेज रफ्तार से दौड़ाए गए।एक पटरी पर आमने-सामने आ दौड़ें इंजन टकराने से पहले रुक गए।रेलवे ने इंजनों के जरिए सुरक्षा कवच प्रणाली को जांचा।इस दौरान आमने- सामने की टक्कर रोकने,ट्रेन को असामान्य रूप से रोककर हादसा टालने जैसी स्थितियों को भी परखा।
सीनियर डीसीएम महेश यादव के अनुसार इस परियोजना के तहत 53 रूट किलोमीटर व 106 ट्रैक किलोमीटर क्षेत्र में कवच प्रणाली का कार्य किया गया है। 7 ब्लॉक सेक्शन में 474 आरएफआईडी टैग लगाए गए हैं।कवच से लैस लोकोमोटिव द्वारा आरएफआईडी टैग पढ़ने की क्षमता का भी सफलता से ट्रायल किया गया।इसके अप व डाउन दिशा में 4-4 यानी कुल 8 ट्रिप सफलतापूर्वक की गई।
डीआरएम विनीता श्रीवास्तव के अनुसार इस उपलब्धि से रेल परिचालन में आधुनिक तकनीक के उपयोग,संरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ व यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण कदम है।
