कांठ रोड पर युवा केन्द्र में खादी महोत्सव का शुरु
मुख्य अतिथि डॉ शैफाली सिंह ने किया शुभारंभ
हिन्द लाइव न्यूज, राजेश भाटिया।

मुरादाबाद।मुरादाबाद खादी महोत्सव की गुरुवार से शुरुआत हो गई। पहले ही दिन महोत्सव में भीड़ उमड़ी। शुरुआत में ही खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों की दो लाख रुपए की बिक्री हुई।
खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की ओर से आयोजित खादी महोत्सव की शुरुआत हो गई। कांठ रोड पर साईं मंदिर रोड, युवा केन्द्र पर आयोजित खादी महोत्सव-2026’ का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ शैफाली सिंह चौहान ने किया।
दस दिवसीय महोत्सव में लोगों ने उत्साह दिखाया।पहले ही दिन करीब दो लाख रुपए के खादी और ग्रामोद्योग के उत्पादों की बिक्री हुई।मुख्य अतिथि ने विभिन्न राज्यों एवं उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खादी एवं ग्रामोद्योगी इकाइयों के स्टालों को भी देखा।कारीगरों एवं उद्यमियों द्वारा तैयार उत्पादों का अवलोकन किया। उनके हुनर एवं उत्पादों की गुणवत्ता की प्रशंसा भी की। कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग के उत्पाद आत्मनिर्भरता, स्वदेशी भावना तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के विविध उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने। उत्तराखंड के ऊनी रेडीमेड परिधान,सहारनपुर के वुडन हस्तशिल्प,कन्नौज का प्रसिद्ध इत्र,मेरठ के अचार,सिल्क खादी, शुद्ध शहद, जम्मू- कश्मीर के ऊनी शॉल,सूट एवं ड्राई फ्रूट्स, राजस्थान की नमकीन, पंजाब की जूती, बिहार के भागलपुर की प्रसिद्ध खादी, जैविक गुड़ एवं शक्कर,विभिन्न प्रकार के मसाले व भदोही के आकर्षक कालीन सहित अनेक उत्कृष्ट उत्पाद हैं।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सत्यवीर सिंह ने मुख्य अतिथि व मेहमानों का आभार जताया।बताया कि मंडल स्तरीय प्रदर्शनी को 130 स्टालों के साथ राष्ट्रीय प्रदर्शनी का स्वरूप दिया गया है।उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल कारीगरों व ग्रामोद्योग इकाइयों को अपने उत्पादों के विपणन का बेहतर मंच प्रदान करते हैं बल्कि आमजन को देश के विभिन्न क्षेत्रों की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प एवं स्वदेशी उत्पादों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
