ट्रैक्टर पर बैठकर भीतखेड़ा गांव पहुंचे, जलस्तर का लिया जाएजा
बचाव व राहत व्यवस्थाएं भी जानीं
हिन्द लाइव न्यूज,राजेश भाटिया।

मुरादाबाद।डीएम व कुंदरकी विधायक ने जिले के मूंढ़ापांडे ब्लॉक में कोसी नदी की बाढ़ से घिरे गांवों की स्थिति जानीं। ट्रैक्टर पर बैठकर भीतखेड़ा,हिरनखेड़ा में पहुंचे और जलस्तर का जाएजा लिया।
गांव वालों से बचाव व राहत व्यवस्थाओं को जाना।मूंढ़ापांडे के कोसी नदी के तटीय इलाकों में स्थित गांव भीतखेड़ा,हिरनखेड़ा ,मिलक,बिसाड़ आदि गांव बाढ़ से घिरे हुए है।
शुक्रवार को डीएम डॉ राजेन्द्र पैंसिया व कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह के संग इन गांवों में पहुंचे। डीएम ने गांवों में लोगों से बातचीत की और राहत व बचाव व्यवस्थाओं को जाना।गाडि़यों की बजाय डीएम व विधायक ट्रैक्टर से गांव भीतखेड़ा पहुंचे।पानी के बीच खड़े होकर ग्रामीणों से बाढ़ की स्थिति, जलभराव व प्रशासन द्वारा की गई राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया।डीएम ने ग्रामीणों से जानकारी ली।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए।प्रभावित लोगों को जरुरी सुविधाएं मुहैया कराने व बाढ़ शरण स्थलों,मेडिकल कैंप एवं अन्य व्यवस्थाओं को बरकरार रखने को कहा।उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। डीएम ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों के खेतों में पानी भरा है। जलस्तर कम हो रहा है।निर्देश दिए कि जलस्तर एवं बाढ़ की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाएं।
बताया कि रझेड़ा नदी पर पुल बना हुआ है। नदी के बहाव क्षेत्र में सुधारात्मक कार्यों के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।इसकी मंजूरी मिलने पर सुधार के काम होंगे। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में मुख्य रूप से पॉपुलर पेड़ एवं धान की फसल है।धान की फसल से बड़े नुकसान की संभावना नहीं है।हालांकि जलस्तर घटने के बाद ही फसलों की क्षति का आंकलन हो सकेगा।

विधायक रामवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश के चलते बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा रही है।शुक्रवार को डीएम ने संबंधित अधिकारियों के साथ पूरे क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान एडीएम वित्त ममता मालवीय,एसडीएम सदर अभिषेक कुमार सिंह व आपदा विशेषज्ञ प्रदीप कुमार समेत विभिन्न अधिकारी रहे।
