जिले में अब तक पकड़े जा चुके बारह तेंदुए
गांव सहसपुरी में स्थापित पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ
हिन्द लाइव न्यूज, राजेश भाटिया।

मुरादाबाद। शुक्रवार की सुबह एक और खूंखार तेंदुआ पकड़ लिया। प्रभावित क्षेत्र ठाकुरद्वारा तहसील के गांव सहसपुरी में एक और पिंजरे में तेंदुआ कैद हो गया।जिले में 3 अगस्त से अब तक बारह तेंदुओं का रेस्क्यू किया जा चुका है।
मुरादाबाद जिले में तेंदुए के खौफ कांठ व ठाकुरद्वारा तहसील के गांवों में ज्यादा है। एक पुरुष व दो महिलाओं को तेंदुआ अपना शिकार बना चुका है।तेंदुए के खिलाफ आपरेशन चला रहे जिला प्रशासन ने वन विभाग की मदद से प्रभावित क्षेत्रों में पिंजरे स्थापित किए है।
जिले में वन, सड़क किनारे विभिन्न क्षेत्रों में लगातार तेंदुए देखे जाने के बाद प्रशासन ने सतर्कता बढ़ाई है।प्रशासन के निर्देश पर वन विभाग ने रेस्यू व निगरानी अभियान तेज किया है।अभियान में वनकर्मियों के संग थर्मल ड्रोन से तेंदुओं की लोकेशन को ट्रैक किया जा रहा है।22 संवेदनशील गांवों में 30 पिंजरे लगाए गए है। साथ ही मुनादी व अन्य प्रचार के तरीकों से गांव गांव में जागरुक किया जा रहा है। प्रशासन ने तेंदुओं की लोकेशन ट्रैक कर जरुरत के अनुसार अन्य गांवों में लगाए गए पिंजरों की जगह बदली जा रही है।
गांव बलिया में सात पिंजरे तेंदुओं के रेस्क्यू के लिए स्थापित हैं। इसके अतिरिक्त इसी गांव में विभिन्न स्थानों पर कैमरा ट्रैप, 20 एएनआईडीईआर (ANIDER) यंत्र भी लगे हैं। संवदेनशील गांव बाहपुर, बल्लमगढ़, लालापुर पौपलसाना, पाड़ला एवं तालमपुर में भी निगरानी के लिए उपकरण लगाए गए हैं।
सामाजिक वानिकी के प्रभागीय निदेशक डा.विनय कुमार सिंह के अनुसार गांव वालों से खेतों में अकेले न जाने की सलाह दी गई है।ग्रामीण अब समूह में निकले।बातचीत करते व हाथ में लाठी डंडा बजाते हुए निकले।रात में तेज रोशनी वाली टॉर्च व लाठी लेकर निकलें।
