गंभीर हालत में अस्पताल लाए,डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
बरेली के सुभाष नगर का था अभ्यर्थी शिवम
हिन्द लाइव न्यूज,राजेश भाटिया।

मुरादाबाद।मुरादाबाद में होमगार्ड भर्ती में शारीरिक परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी की मौत हो गई।परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी दौड़ते समय अचानक बेहोश होकर गिर गया।हालत देख युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शारीरिक परीक्षा के दौरान मृत हुआ अभ्यर्थी शिवम यादव बरेली के सुभाष नगर का रहने वाला था। मुरादाबाद में कांठ रोड पर 9 वीं वाहिनी पीएसी ग्राउंड में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता की परीक्षा चल रही है।इस परीक्षा में भाग लेने के लिए शुक्रवार को बरेली में सुभाष नगर का शिवम यादव भी आया था।सुबह ट्रैक पर दौड़ के दौरान अभ्यर्थी शिवम को अचानक चक्कर आया और युवक वहीं गिर पड़ा।
इस घटना से परीक्षा के दौरान हड़कंप मच गया। घटना के समय मौजूद भर्ती प्रक्रिया से जुड़े पुलिस अधिकारियों ने युवकों को तत्काल जिला अस्पताल ले गए।जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया।
सीओ सिविल लाइन भास्कर कुमार मिश्रा के अनुसार घटना की परिजनों को सूचना दी गई है।परिजनों के बाद ही शव को लेकर अगली कार्रवाई की जाएगी।
