डीएम अनुनय झा ने जिला अस्पताल में किया निरीक्षण
अस्पताल में जांची व्यवस्था,अटैंडेंट रजिस्टर समेत रिकार्ड खंगाले
उपचार करा वापस लौटे व्यक्ति से फोन कर डाक्टरों द्वारा बच्चे के इलाज व दवाइयों की जानकारी मांगी
हिन्द लाइव न्यूज,राजेश भाटिया।

मुरादाबाद। मुरादाबाद के डीएम अनुनय झा ने सिविल लाइंस में जिला अस्पताल का निरीक्षण किया।इस दौरान डीएम ने स्वास्थ्य सेवा और व्यवस्थाएं परखीं। डीएम ओपीडी में विशेषज्ञ डाक्टरों से मिले और मरीज एवं तीमारदारों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाएं की स्थिति जांचीं। काउंटर पर कटी रसीदों से जमा कैश का मिलान किया। डीएम ने मरीजों की सुविधा के डिजिटल भुगतान व्यवस्था के निर्देश दिए।अस्पताल में अब क्यूआर कोड से भुगतान सुविधा मिलेगी।
मंगलवार को डीएम ने सरकारी जिला अस्पताल का औचक मुआयना किया।उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों, ओपीडी, कैश काउंटर, एनसीडी स्क्रीनिंग कक्ष, आभा-रजिस्ट्रेशन काउंटर, दवाई वितरण,किचन,पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), वार्डों और अन्य व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया।डीएम ने डाक्टरों और कर्मियों से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जानकारी लीं।साथ ही मरीजों व परिजनों से भी सीधे संवाद किया और अस्पताल में मिल रहीं स्वास्थ्य सेवाओं की असलियत जानी।

निरीक्षण की डीएम के कैश काउंटर से शुरुआत हुई। सुबह से कटी रसीदों से जमा कैश का मिलान किया।कैश सही मिला।इस दौरान उन्होंने सात साल के बच्चे का उपचार कराकर वापस गए व्यक्ति को फोन करके डॉक्टरों द्वारा बच्चे का उपचार करने और जरूरी दवाईयां मिलने के बारे में जानकारी हासिल की।इसके बाद एनसीडी स्क्रीनिंग कमरे का निरीक्षण किया।यहां आस्था प्रकाश व अर्चना त्यागी मिलीं।

डीएम ने रक्तचाप,शुगर की जांच के साथ ब्रेस्ट कैंसर,सर्वाइकल व ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग पर भी जोर देने को कहा। उन्होंने अस्पताल के सभी काउंटरों पर क्यूआर कोड उपलब्ध कराने को कहा ताकि अस्पताल आने वाले मरीज एवं उनके परिजन डिजिटल माध्यम से आसानी से भुगतान कर सकें।
डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता व मरीजों की सुविधा और व्यवस्थाएं दुरुस्त करने भी जोर दिया। इस दौरान प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ.प्रदीप वार्ष्णेय, चिकित्सा अधीक्षक राजेंद्र कुमार समेत अन्य डाक्टर मौजूद रहें।
