रेल प्रशासन की टीटीई रवि मीणा के खिलाफ की अनुशासनात्मक कार्यवाही
पंजाब पुलिस कर रही जांच, अमृतसर जीआरपी में मुकदमा दर्ज
हिन्द लाइव न्यूज, राजेश भाटिया।

मुरादाबाद।पंजाब मेल में महिला यात्री से छेड़छाड़ के आरोपी टीटीई के खिलाफ कार्रवाई का शिकंजा कसने लगा है।मुरादाबाद रेल प्रशासन ने विभागीय जांच के बाद आरोपी टीटीई के खिलाफ चार्जशीट के आदेश जारी कर दिए हैं। जबकि पंजाब पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।
महिला यात्री से छेड़छाड़ की घटना 20 सितंबर,26 की है। हावड़ा से अमृतसर जा रही पंजाब मेल (13005) में तैनात टीटीई रवि मीणा पर यात्रा कर रहीं एक महिला ने छेड़खानी का आरोप लगाया। पंजाब की रहने वाली महिला उत्तर प्रदेश में गौरीगंज से मायके से लौट रहीं थीं। महिला ने टीटीई के खिलाफ अमृतसर जीआरपी में तहरीर दी। पुलिस ने टीटीई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
करीब एक महीने बाद 21 अक्टूबर को पंजाब पुलिस मुरादाबाद में आरोपी टीटीई की तलाश में पहुंचीं।टीटीई की न्यूजलपाईगुड़ी एक्सप्रेस-15726 ट्रेन में ड्यूटी थीं।आरोपी की खोजबीन करते हुए पुलिस ने डीआरएम दफ्तर में प्रशासन से टीटीई की जानकारी भी की। पर आरोपी टीटीई अमृतसर पुलिस के सामने नहीं आया। और ट्रेन में सवार होकर लखनऊ पहुंच गया।इस पर पुलिस ने फोन पर टीटीई से संपर्क कर छिपने की बजाय अपने बयान दर्ज कराने को कहा। पुलिस उसी रात वापस लौट गई।
इस बीच मुरादाबाद में रेल प्रशासन ने जीआरपी थाने में दर्ज केस में विभागीय जांच पड़ताल कीं। रेल प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर घटना में टीटीई को जिम्मेदार मानते हुए आरोप पत्र जारी किया।प्रशासन की अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद आरोपी टीटीई को जवाब देने को कहा गया है।
सीनियर डीसीएम महेश यादव का कहना है कि पंजाब मेल में महिला से छेड़छाड़ के आरोपी टीटीई के खिलाफ चार्जशीट जारी की गई है।
