2016 में ठाकुरद्वारा थाने के सामने प्रदर्शन करने का मामला
पूर्व विधायक ने बदमाश के घर दबिश देने का जताया था विरोध
राजेश भाटिया,हिन्द लाइव न्यूज।
मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा के पूर्व विधायक विजय यादव के खिलाफ कोर्ट में विवेचक समेत दो पुलिस कर्मियों के बयान हुए।मुरादाबाद की सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में सुनवाई के दौरान दूसरे पक्ष ने भी जिरह की।जिरह पूरी होने पर अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 23 जुलाई निर्धारित की है।

ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट से विधायक रहे बसपा के विजय यादव पर थाने के सामने समर्थकों के संग विरोध प्रदर्शन का आरोप है। घटना 2016 में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने एक बदमाश की तलाश में दबिश डाली।दबिश के खिलाफ पूर्व विधायक ने विरोध जता दिया। आरोप है कि विजय यादव व समर्थकों ने थाने के सामने पुलिस की कार्रवाई का विरोध जताते हुए जमकर प्रदर्शन किया।पुलिस ने पूर्व विधायक समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा कायम कर लिया।
केस की सुनवाई सिविल जज सीनियर डिवीजन/एमपी एमएलए कोर्ट डॉ गौरव उत्सव राज की अदालत में चल रहीं हैं।गुरुवार को मुकदमे के वादी तत्कालीन पुलिस निरीक्षक राम सेवक व मौके पर गवाह तत्कालीन एसआई राजेन्द्र कोर्ट में पेश हुए।
विशेष लोक अभियोजक मोहन लाल विश्नोई ने बताया कि गुरुवार को अदालत में सुनवाई के दौरान दोनों गवाह पेश हुए और बयान दर्ज कराएं।इस दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने गवाहों से जिरह की। बाद में जिरह पूरी हो गई।
विशेष लोक अभियोजक का कहना है कि जिरह पूरी होने के बाद अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 23 जुलाई निर्धारित की है।केस में अब तक तीन गवाहों के बयान हो चुके है।
