महानगर में 28 केंद्रों पर होगी पुलिस सिपाही की भर्ती परीक्षा
ट्रैफिक, पुलिस और शिक्षकों ने की परीक्षा संचालन की तैयारी
राजेश भाटिया। हिन्द लाइव न्यूज। मुरादाबाद।
8 जून से उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही भर्ती के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। मुरादाबाद में 8 जून से 10 जून तक सिपाही भर्ती परीक्षा होगी। इस परीक्षा में 74,304 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के लिए 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी। प्रत्येक पाली में 12,384 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। तीन दिनों तक चलने वाली परीक्षा में कुल छह पालियों के माध्यम से 74 हजार से अधिक अभ्यर्थी सिपाही की परीक्षा के लिए मशक्कत करेंगे।
परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकल विहीन बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस बल की तैनाती रहेगी। अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया के दौरान सघन जांच की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके।
प्रदेश सरकार और उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा परीक्षा की पारदर्शिता के लिए विशेष जोर दिया गया है। जहां इसके लिए संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त निगरानी की जाएगी। वहीं परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था व अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रबंध भी किए गए हैं।
दरअसल उत्तर प्रदेश पुलिस में बड़े स्तर पर सिपाही भर्ती चल रही है। जिसके तहत लाखों अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
परीक्षा के नोडल अधिकारी एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार ने अपील की है कि अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें।प्रवेश पत्र के साथ वैध पहचान पत्र अवश्य लेकर आएं। प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
