स्वतंत्रता दिवस पर रेलवे स्टेडियम में हुए सांस्कृतिक व अन्य कार्यक्रम
कार्यक्रमों में प्रतिभागियों को पुरस्कारों की घोषणा
हिन्द लाइव न्यूज,राजेश भाटिया मुरादाबाद।

शनिवार को मुरादाबाद रेलवे स्टेडियम में 80 वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह व देशभक्ति भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर डीआरएम विनीता श्रीवास्तव ने ध्वजारोहण किया। इसके साथ ही रेलवे स्टेडियम में विभिन्न व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
स्वतंत्रता दिवस पर मुरादाबाद की डीआरएम विनीता श्रीवास्तव के ध्वज फहराने के बाद राष्ट्रगान हुआ।डीआरएम को परेड कमांडर के नेतृत्व में परेड दल ने सलामी दी।मुरादाबाद में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमामय वातावरण एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों एवं विभिन्न कार्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।रेलवे स्टेडियम, मुरादाबाद में उपस्थित सभी ने राष्ट्रगीत वंदेमातरम् गाया।

इसके बाद रेलवे स्टेडियम, मुरादाबाद में आयोजित मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में डीआरएम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने राष्ट्रगान गाया। इसके पश्चात परेड कमांडर के नेतृत्व में परेड दल द्वारा डीआरएम को सलामी दी। इस मौके पर संबोधन में डीआरएम ने अधिकारी व कर्मचारियों को संबोधित किया।
डीआरएम ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में भारतीय रेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। रेलवे का विभिन्न क्षेत्रों व राज्यों को आपस में जोड़कर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान है। संबोधन में मंडल की उपलब्धियों, यात्री सुविधा में किए जा रहे सुधारों व विभिन्न विकास एवं संरक्षा संबंधी कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने रेल सेवा को और बेहतर, सुरक्षित, सुगम एवं यात्री-केंद्रित बनाने के लिए समर्पण एवं टीम भावना संग काम करने का आह्वान किया।

समारोह में आरपीएफ की ओर से डीआरएम को पुष्पगुच्छ भेंट किया गया। केंद्रीय विद्यालय, बाल विद्या मंदिर,रेलवे स्टेडियम व मंडल की सांस्कृतिक टीम और तथा उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं गीत प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम में सीनियर डीपीओ अभिषेक ठाकुर ने धन्यवाद देते हुए मौके पर प्रस्तुतियों में प्रतिभागियों को पुरस्कारों की भी घोषणा की। इस दौरान परम्परागत तरीके से मैत्रीपूर्ण रस्सी खींचने की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में एडीआरएम, सीनियर डीसीएम,सीनियर डीओएम समेत मंडलीय अधिकारी व नरमू के मंडल अध्यक्ष सुहेल खालिद, निवर्तमान अध्यक्ष उरमू के धर्मवीर सिंह के अलावा ओबीसी, एससीएसटी एसोसिएशन के तमाम पदाधिकारी व कर्मचारी व परिवारिक सदस्य रहे।

बाल विद्या मंदिर में भी ध्वजारोहण–
स्वतंत्रता दिवस पर रेलवे स्टेडियम में स्थित बाल विद्या मंदिर में भी समारोह आयोजित किया गया। महिला कल्याण संगठन, उत्तर रेलवे की पदाधिकारी व विद्यालय की प्रधानाचार्य, शिक्षकों संग डीआरएम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
मंडल रेल चिकित्सालय में मरीजों को बांटे फल–

डीआरएम ने मंडल अधिकारियो के संग रेल अस्पताल में भर्ती मरीजों से भेंट की। स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी व फल वितरित कर शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
