पार्टी में हलचल बढ़ी—
संगठन सृजन अभियान से मुख्य संगठन व जुड़े युवा,महिला मोर्चा में हलचल
विस चुनाव के लिए हाईकमान के निर्देश पर संगठनों की पड़ताल,पहली बार जमीनी सक्रियता
हिन्द लाइव न्यूज, राजेश भाटिया।

मुरादाबाद। संगठन को नए सिरे से मजबूती के पहले प्रयास में पर्यवेक्षक का दौरा अहम बना।संगठन सृजन अभियान से पार्टी की गतिविधियां भी बढ़ी है।
पर्यवेक्षक मोहन मरकाम के दौरे से पहले कांग्रेसी इसे महज औपचारिकता मान रहे थे।पर पर्यवेक्षक के रुख व जिले की खासी पड़ताल व पुराने कांग्रेसियों की मुलाकात चौंकाने वाली है।खासकर पर्यवेक्षक के इंटरव्यू ने संगठन व नेताओं में खासी हलचल मचाई है।अध्यक्ष को लेकर आए दावेदारों को भी कड़े इम्तिहान से गुजरना पड़ा। चुनिंदा को छोड़कर कई को संगठन व चुनाव और रणनीति को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब अटक कर रह गए।
आने वाले विधानसभा चुनाव के चलते मुरादाबाद में बीते सात दिन संगठन व पार्टी को नई दिशा देने में कामयाब रहे।संगठन सृजन अभियान के जरिए कांग्रेस के नए पर्यवेक्षक की कार्यशैली बिल्कुल अलग रही।पहले जहां एक जगह इकट्ठे होकर पर्यवेक्षक कांग्रेसियों से राय मशविरा करते।चंद घंटे में ही पार्टी की रुपरेखा तय हो जाती। लेकिन इस बार पर्यवेक्षक मोहन मरकाम की भूमिका पिछले सालों से बिल्कुल अलग रही।न भीड़ व उपहार,सीधे संगठन पर फोकस।
छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री व एआईसीसी पर्यवेक्षक बने मोहन मरकाम ने मुरादाबाद जिले की सभी छह विधानसभा से लेकर तकरीबन सभी ब्लॉकों पर पहुंचे। और बारीकी से संगठन व नेता व कार्यकर्ताओं को परखा।यही नहीं पर्यवेक्षक के वक्त की पाबंदी के किस्से भी सुने गए। कुंदरकी,बिलारी में कांग्रेसियों से मिलने के लिए तय समय से पहले ही पहुंच गए।इन विस क्षेत्रों दावेदारों के पक्ष में संगठन को भी परख लिया।
पहली बार कांग्रेसियों के घर पर पार्टी की दस्तक –
पर्यवेक्षक के दौरे की खासियत पुराने कांग्रेसियों से मेल मुलाकात रहीं।1985 में पूर्व विधायक फूल कुंवर से लेकर विस चुनाव प्रत्याशी फूलवती सैनी,कांठ में पूर्व कांग्रेसी करीम बख्श अंसारी के पुत्र डा. सिराजुद्दीन, ठाकुरद्वारा में पुराने कार्यकर्ता संजीव सिंघल की मां के निधन की खबर पर पहुंचे और सांत्वना दी।साथ ही कांग्रेस संगठन व चुनावी तैयारी पर चर्चा की।
मंगलवार को अध्यक्ष बनने की हसरत लेकर पहुंचे नेता दावेदारों की क्लास लेकर आने वाले दिनों में पार्टी के नए कलेवर के संकेत भी मिल गए।
