मलगद्दा व नया मुरादाबाद के लोग पुल से आ-जा सकेंगे
पहुंच मार्ग व सुरक्षात्मक कार्यों के प्रस्ताव पारित, 40 दिन में नदी पर पक्के दो लेन पुल का रास्ता साफ
हिन्द लाइव न्यूज,राजेश भाटिया।

मुरादाबाद।दिल्ली रोड पर गागन नदी पर नया पक्का पुल बनेगा।प्रशासन की कोशिश के बाद नदी पर 2 लेन पुल बनाने का रास्ता भी साफ हो गया है।करीब 40 दिन पहले गागन नदी हुए हादसे के बाद नदी पर पुल की मांग ने जोर पकड़ा था।प्रशासन की पहल के बाद अब गागन नदी पर दो लेन पुल बनाने की मंजूरी मिल गई है।नदी पर पुल से नया मुरादाबाद व मलगद्दा के ग्रामीणों की राह आसान व सुरक्षित होगी।
प्रशासन ने गागन नदी पर पुल,एप्रोच रोड( पहुंच मार्ग) व सुरक्षात्मक कार्यों के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है।सेतु निर्माण के प्रस्ताव को अब शासन ने मंजूरी दे दी है।इस पर शासनादेश जल्द जारी होने की संभावना है।
सेतु निर्माण के उप परियोजना प्रबंधक शशिकांत का कहना है कि डेढ़ माह पूर्व 28 अगस्त, 26 को राजस्व ग्राम चौधरपुर (मलगद्दा) में गागन नदी पर ग्रामीणों द्वारा बनाए कच्चे पुल को पार करते समय शाम को सात बजे एक बाइक असंतुलित होकर नदी में जा गिरी।हादसे में बाइक सवार एक महिला व एक बच्चे की डूबने से मौत हो गई।
हादसे के बाद 29 अगस्त को कमिश्नर संगीता सिंह ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। कमिश्नर की पहल पर पुल का प्रस्ताव तैयार हुआ। आवागमन की सुविधा व सुरक्षा को देखते हुए पक्के पुल के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया।
शासन में 7 अक्तूबर को मिली मंजूरी
बुधवार को शासन में वित्तीय समिति की बैठक हुई।जिसमें गागन नदी पर दो लेन पुल के निर्माण को मंजूरी दी गई।पुल बनने से नया मुरादाबाद व गांव मलगद्दा समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित व आवागमन की सुविधा मिलेगी।अभी कच्चे पुल की जगह दो लेन का पक्का पुल बनने से दोनों दिशाओं के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा होगी।साथ ही आना जाना भी सुरक्षित व सुविधाजनक बनेगा।
