1.27 करोड़ की जमीन के गबन में फंसे पूर्व सपा विधायक,बेटा व पुत्रवधू
आजम खां के करीबी यूसुफ मलिक भी नामजद
राजेश भाटिया, हिन्द लाइव न्यूज।
मुरादाबाद।

जमीन की धोखाधड़ी के मामले में कुंदरकी के पूर्व सपा विधायक हाजी रिजवान, बेटे हाजी जुबैर व पत्नी शमा परवीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में सपा नेता आजम खां के करीबी यूसुफ मलिक भी नामजद किया गया है।पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी सतपाल अंतिल ने जमीन की धोखाधड़ी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज के आदेश दिए। मैनाठेर के गांव मलकपुर फतेहपुर के अब्दुल मुस्तफा ने दर्ज कराई।आरोप है कि गांव डोमघर निवासी हाजी रिजवान, बेटे ज़ुबैर व पत्नी शमा परवीन और जिगर कालोनी निवासी यूसुफ मलिक ने जमीन के मामले में धोखाधड़ी की। आरोपियों ने मुरादाबाद के आजाद नगर में स्कूल की साढ़े तीन बीघा भूमि का सौदा कर उनसे करीब 1 करोड़ 27 लाख लाख 86 हजार रुपये ले लिए। पर न जमीन का बैनामा कराया और न ही लैंडयूज परिवर्तन।
आरोप है कि बाद में वही जमीन किसी अन्य महिला के नाम बेच दी गई।शिकायत के अनुसार लैंड यूज परिवर्तन कराने के नाम पर 10 लाख रुपये भी लिए गए और बदले में उत्तर प्रदेश शासन के नाम की एक रसीद दी गई। जो जांच में कथित तौर पर फर्जी निकली। उनसे कहा गया कि शेष धनराशि विभिन्न खर्चों और रिश्वत में चली गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार स्कूल की जमीन का सौदा 4.80 करोड़ रुपये में हुआ था। एडवांस के तौर पर 25 लाख रुपये ऑनलाइन दिए। बाद में ऑनलाइन, नकद भुगतान के माध्यम से कुल 1.27 करोड़ रुपये से अधिक की रकम आरोपियों को दी। पर इसके बावजूद न तो रजिस्ट्री हुई और न ही भूमि उपयोग परिवर्तन कराया गया दिसंबर 2023 में यूसुफ मलिक से डिलारी थाना क्षेत्र के गांव बढ़ेरा स्थित साढ़े तीन बीघा जमीन का अलग सौदा 52.50 लाख रुपये में हुआ था। इसमें 33.36 लाख रुपये लेने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं कराई गई। एसएसपी ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज के आदेश दिए। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
