पिंजरे के जरिए तेंदुओं से बचाव और पकड़ने का विशेष अभियान
तेंदुआ प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू व जन जागरुकता का वन विभाग का विशेष अभियान
हिन्द लाइव न्यूज,राजेश भाटिया

मुरादाबाद। हमलावर बने तेंदुओं को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीमें सक्रिय हो गई है।विभाग ने तेंदुआ प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू के लिए संवेदनशील क्षेत्रो में 19 ट्रैजिंग केज(पिंजरा) लगाए है।साथ ही जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ठाकुरद्वारा तहसील के तेंदुआ प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू, निगरानी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
वन विभाग के प्रभागीय निदेशक डॉ. विनय कुमार सिंह के अनुसार संवेदनशील क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई देने या उसकी गतिविधियों की सूचना वाले गांवों में टीमें लगातार गश्त कर रही है।
तेंदुआ से बचाव के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में कुल 19 ट्रैपिंग केज लगाए गए हैं। विभाग प्रभावित गांवों में आम लोगों को तेंदुए से बचने व सुरक्षा उपायों की जानकारी देने के लिए विशेष जन-जागरूकता अभियान चल रहा है। लाउडस्पीकर, जनसंपर्क के जरिए रायभूड़, गुलाडिया,पायन्दापुर,अलियाबाद सादिक, चन्दूपुरा, रहटा माफी, डिलारी चंदेरी, पिलकपुर श्योराम, तगाली, पीपली अहीर, सिढ़ावली, कुरी, मासूमपुर,लौंगी खुर्द, सरकड़ा एवं रानी नागल समेत विभिन्न गांवों में लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अचानक स्थिति से निपटने एवं त्वरित कार्रवाई के लिए विभाग ने रेस्क्यू टीमें गठित की हैं।
वाइल्डलाइफ, एसओएस व डब्ल्यूडब्ल्यूएफ टीमें भी संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त कर निगरानी कर रही हैं।तेंदुओं से बचाव के लिए चल रहे अभियान में ठाकुरद्वारा पुलिस सक्रिय है।
ठाकुरद्वारा के सीओ के नेतृत्व में वन विभाग अधिकारी व पुलिस बल ने पाड़ला,पीपली अहीर, लालपुर, गोसाई, बलिया एवं अलियाबाद गांवों में जनसंपर्क कर ग्रामीणों को तेंदुए से बचाव की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तेंदुआ दिखने घबराएं नहीं बल्कि उसके पास जाने अथवा उसे घेरने का प्रयास न करें। वन विभाग या पुलिस को सूचना दें।
