स्वतंत्रता दिवस हुआ समारोह,लोगों ने लिया हिस्सा
हिन्द लाइव न्यूज, राजेश भाटिया।

मुरादाबाद। शहर के सराय शेख में 80 वें स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराया गया।भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने ध्वजारोहण किया।इस मौके पर भाजपा नेता ने सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के बाद बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है।आजादी के इस संघर्ष में अनगिनत माताओं ने अपने लाल खोए। बहनों ने अपने सुहाग का बलिदान दिया और लाखों देशवासियों ने लाठियां, गोलियां व जेल में यातनाएं सहकर राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
उनके अमर बलिदानों के कारण ही आज सभी स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।उन्होंने कहा कि आजादी केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि इसे सुरक्षित रखने का हमारा राष्ट्रीय दायित्व भी है। देश की एकता,अखंडता और संप्रभुता की मजबूती के लिए सभी को जाति,धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर एकजुट होकर राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।
भाजपा नेता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर संकल्प लें कि अपने महान राष्ट्र की एकता व अखंडता को सदैव अक्षुण्ण रखेंगे व भारत को और अधिक सशक्त,समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने में अपना योगदान देंगे। कार्यक्रम के दौरान अहसान फारुकी, सलमान अंसारी समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
