देश की एकता व अखंडता खंडित न करने का लिया संकल्प
हिन्द लाइव न्यूज, राजेश भाटिया।

मुरादाबाद।गुरुवार को देश की पहली महिला प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की 119 वीं जयंती मनाई। जिला कमेटी की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कांग्रेसियों ने पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर माल्यार्पण कर देश की एकता व अखंडता को खंडित न होने देने का भी संकल्प लिया।
कोठीवाल नगर स्थित कैंप कार्यालय में हुई श्रद्धांजलि सभा मे कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर ने आयरन लेडी शब्द की सार्थकता बताते हुए नेता के प्रति इसे उपयुक्त बताया। उन्होंने सिक्किम के भारत में विलय व पाकिस्तान से अलग कर बांग्लादेश के निर्माण को उनकी मजबूत इच्छा शक्ति,अंर्तराष्ट्रीय स्तर पर निर्भीकता और दूरदर्शी सोच का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता अटल बिहारी बाजपेयी ने उन्हें दुर्गा का खिताब दिया था।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि *इंदिरा इज इंडिया-इंडिया इज इंदिरा* उन्ही के विश्व पटल पर सम्मान का सूचक बनकर इतिहास में दर्ज हो चुका है। इस मौके पर कांग्रेसियों ने उनके चित्र पर फूल मालाएं चढ़ा कर उन्हें श्रद्धांजलि दीं।साथ ही देश की एकता व अखण्डता बनाए रखने का संकल्प कांग्रेस नेताओं ने लिया।
इस दौरान प्रवक्ता सुधीर पाठक,आफताब प्रधान,मुनीफ तुर्की, राजेन्द्र वाल्मीकि,अशरफ अली,अज़ीम क़ुरैशी,नासिर सलमानी, दिलशाद अहमद,अंजार हुसैन,मुशाहिद चौधरी,अजय गोपाल रस्तोगी, विजय राज सैनी,राजेश पाल,विवेक अग्रवाल समेत तमाम कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
