8 जून को योगनगरी ऋषिकेश पहुंचेगी संसदीय कमेटी, रेलवे, आरवीएनएल व आईआरसीटीसी के संग मंथन, पार्लियामेंट कमेटी का दो दिन का दौरा, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लेगी जायजा
राजेश भाटिया। हिन्दी लाइव न्यूज। मुरादाबाद।
केंद्र की संसदीय कमेटी (पार्लियामेंट कमेटी) उत्तराखंड में दो दिन का दौरा करेगी। 8 जून को आने वाली संसदीय कमेटी दौरे में रेल परियोजनाओं का जायजा लेगी। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की प्रगति व अन्य तैयारियों पर मंथन करेगी। दौरे को लेकर रेल प्रशासन कमेटी के स्वागत और व्यवस्थाओं को पूरा करने में जुटा है।
चारधाम यात्रा को सुगम बनाने तथा पर्यटन व व्यापार क्षेत्र को बढ़ावा देने के मकसद से सरकार की लोकसभा व राज्यसभा सदस्यों की कमेटी उत्तराखंड के दौरे पर रहेगी। कमेटी 8 जून को योगनगरी ऋषिकेश पहुंचेगी। दो दिन के दौरे में कमेटी की रेलवे, आईआरसीटीसी व आरवीएनएल के साथ महत्वपूर्ण बैठक भी प्रस्तावित है।
तैयारी—
संसदीय कमेटी में 31 सदस्य हैं। कमेटी के आगमन व तैयारियों को लेकर रेल प्रशासन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। रेल प्रशासन का कहना है कि कमेटी 8 जून को योगनगरी पहुंचेगी। कमेटी का उद्देश्य चारधाम यात्रा व पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा देना है।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग परियोजना पर विशेष फोकस—
केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना समेत अन्य परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। कर्णप्रयाग परियोजना को लेकर रेलवे व संसदीय कमेटी का विशेष फोकस है। 125 किमी लंबे इस रेल मार्ग का निर्माण सुरक्षित व शीघ्र पूरा कराने का उद्देश्य है। परियोजना का निर्माण आरवीएनएल करा रहा है। माना जा रहा है कि परियोजना का बड़ा लाभ देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी, रुद्रप्रयाग व चमोली जिलों को होगा।
लागत बढ़ी—
परियोजना जब शुरू हुई थी तब इसकी अनुमानित लागत 14 हजार करोड़ रुपये आंकी गई थी, लेकिन डिजाइन में बदलाव व सुरंगों के बीच रेल लाइन निर्माण कार्य लंबा होने से इसकी लागत बढ़कर लगभग दोगुनी हो गई है।
