ग्रामीणों ने वन विभाग को फोटो व वीडियो भेजीं
विभाग बोला, सतर्क रहें,गांव में लगेगा पिंजरा
जिले में अब तक पकड़े जा चुके 24 रेस्क्यू
हिन्द लाइव न्यूज,राजेश भाटिया।

मुरादाबाद।मुरादाबाद जिले में आदमखोर तेंदुए की दहशत अभी खत्म नहीं हो रहीं।जिले के गांव रामनगर उर्फ रमपुरा में तेंदुए की आहट से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। तेंदुए के फोटो और वीडियो वन समेत अन्य अधिकारियों को भेजें गए हैं।
ग्राम रामनगर उर्फ रमपुरा, थाना छजलैट क्षेत्र में तेंदुए की आहट से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।फूलपुर जाने वाले रास्ते पर स्थित मास्टर संजीव सिंह के कुएं के पास ग्रामीणों ने देर रात एक तेंदुए को घूमते हुए देखा। गांव में तेंदुए के होने की सूचना से गांव और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।ग्रामीणों के अनुसार अंधेरे के बावजूद तेंदुआ स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
तेंदुए की मौजूदगी और आवाज सुनकर ग्रामीणों में भय व्याप्त हो गया। लोगों ने एक-दूसरे को सतर्क करते हुए घरों से बाहर निकलने से मना किया।तेंदुआ होने के बाद ग्रामीण अपने बच्चों,महिलाओं व मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए के कारण खेतों में जाने व रात के समय आवागमन में भी डर बन गया।देर रात ही ग्रामीणों ने वन विभाग एवं स्थानीय प्रशासन से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने क्षेत्र में वन विभाग की टीम द्वारा लगातार गश्त कराने, तेंदुए की निगरानी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता पर पिंजरा लगाकर उसे सुरक्षित रूप से पकड़ने की मांग की है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि जब तक तेंदुए को पकड़ नहीं लिया जाता तब तक इस क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जाए और ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं। जिससे किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
