लोदीपुर,जवाहर नगर के कई किसानों की फसल बारिश से खराब
लाचार हुए किसान,बारिश से फसल पूरी तरह प्रभावित
हिन्द लाइव न्यूज, राजेश भाटिया।

मुरादाबाद।मुरादाबाद जिले में दो दिनों की रिकार्ड बारिश सैकड़ों किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा गई। महानगर से सटे गांव व अन्य क्षेत्रों में धान की फसल की बर्बादी के बाद किसान लाचार हुए हैं। किसानों को उचित मुआवजा दिलाने को भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट मनोज गुप्ता क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर रहे हैं।
सोमवार को पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता ने किसानों के मुआवजे दिलाए जाने को लेकर डीएम से भेंटकर मांग पत्र सौंपा। भाजपा नेता ने कहा कि जिले में अत्यधिक वर्षा से धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है। भाजपा नेता ने डीएम को मांग पत्र सौंपकर प्रभावित किसानों को शीघ्र क्षतिपूर्ति एवं उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की।
उन्होंने डीएम को बताया कि जिले व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार तीन दिनों तक अत्यधिक बारिश से खेतों में खड़ी धान की फसल को व्यापक क्षति हुई है।बताया कि कई जगहों पर खेतों में पानी भरने व फसल गिरने से किसानों की तैयार धान की फसल बर्बाद हो गई है।इससे अन्नदाता किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।जानकारी दी कि विशेषकर लोदीपुर व जवाहर नगर के अनेक किसानों की फसल वर्षा से पूरी तरह प्रभावित हुई है।
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने फसल क्षति का तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की। ताकि किसान आर्थिक संकट से उबर सकें।और आगामी फसल की समय से बुवाई कर सकें। उन्होंने कहा कि किसानों की पीड़ा हमारी प्राथमिकता है।अन्नदाता को किसी भी परिस्थिति में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
इस दौरान अजीत बिश्नोई,कौशल सैनी,महेंद्र कुमार,जितेंद्र सिंह, प्रवीण कुमार, जतिन कुमार,मानसिंह सैनी,प्यारेलाल समेत अन्य किसान व क्षेत्रवासी रहे।
