फिजिक्स वाला संस्थान से मुफ्त कोचिंग,आर्थिक तंगी नहीं बनेगी बाधा
21 अक्टूबर को पंचायत भवन सभागार में शुभारंभ
हिन्द लाइव न्यूज,राजेश भाटिया।

मुरादाबाद। मुरादाबाद मंडल में अभ्युदय योजना में 316 मेधावी बच्चों को चिन्हित किया गया है।इससे बच्चों को प्रतिष्ठित संस्थानों में मुफ्त कोचिंग मिलेगी।मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर मौका उपलब्ध कराने की दिशा में मंडल स्तर पर एक पहल की गई है।
मंडलायुक्त संगीता सिंह के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से प्रतिष्ठित फिजिक्स वाला कोचिंग संस्थान से समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया गया है।
। शुक्रवार को डीएम अनुनय झा ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि अभ्युदय योजना मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना है।इसका उद्देश्य आर्थिक व सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के मेधावी बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराना है। जिससे वे प्रतिभा व क्षमता के बल पर निर्धारित लक्ष्य हासिल कर सकें।
उन्होंने बताया कि कमिश्नर के निर्देशन पर योजना की शुरुआत में मंडल के 316 विद्यार्थियों को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीसीएस),यूपीपीएटी व उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक (यूपीएसआई) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।विद्यार्थियों में मुरादाबाद के 71,बिजनौर के 31, अमरोहा के 40, रामपुर के 82 तथा संभल के 92 विद्यार्थी शामिल हैं।
डीएम का कहना है कि पहल का शुभारंभ 21 अक्टूबर को पंचायत भवन सभागार में किया जाएगा।पहल से मेधावी बच्चों को कोचिंग संस्थान के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने का मौका मिलेगा जिससे उन्हें आगे बढ़ने में सहायता मिलेगी।–
मतदाता पंजीकरण के लिए 17 व 24 अक्टूबर को विशेष कैंप
मुरादाबाद।मुरादाबाद जिले में मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष कैंप 17 और 24 अक्टूबर को लगेगा।
मुरादाबाद के डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुनय झा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे हुए पात्र नागरिक व पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम शामिल करने को विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
विशेष कैंप शनिवार 17 व 24 अक्टूबर को लगेगा।जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार विशेष कैम्प दिवसों पर हरेक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 से अपराह्न 4 बजे तक रहेंगे।कैम्प में मतदाता पंजीकरण के लिए फार्म-6 उपलब्ध रहेंगे। आवेदन करने वाले पात्र नागरिकों को फॉर्म 6 के साथ नवीनतम फोटो,जन्मतिथि व पते से सम्बन्धित दस्तावेज उपलब्ध कराना आवश्यक होगा।
