राजेश भाटिया, हिन्द न्यूज़ लाइव
मुरादाबाद।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बीते 12 वर्षों को बेमिसाल बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और लाभार्थियों को आवासों की चाबियां भी सौंपीं।
रविवार को केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर मुरादाबाद ब्लॉक में आयोजित ‘विश्वास, विकास और जनकल्याण’ शिविर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरित किया और केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को सामने रखा।

ब्लॉक में कार्यक्रम की शुरुआत उपमुख्यमंत्री ने पौधारोपण कर की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, इसलिए अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। यही सुशासन और विकास का वास्तविक मॉडल है।
कार्यक्रम में शहर विधायक रितेश गुप्ता, कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह, एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, एमएलसी गोपाल अंजन, ब्लॉक प्रमुख मनीष कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन विजय भान सिंह समेत तमाम भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने मुरादाबाद ब्लॉक में नवनिर्मित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह सभागार विकास गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं सामाजिक आयोजनों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को धरातल पर साकार करने का कार्य कर रही है।
लाभार्थियों को सौंपीं आवासों की चाबियां

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को उनके नए आवासों की चाबियां सौंपीं। लाभार्थियों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनका अपने घर का सपना साकार हो गया है।
इस दौरान महापौर विनोद अग्रवाल, शहर विधायक रितेश गुप्ता, कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह, ब्लॉक प्रमुख मनीष कुमार सिंह, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, एमएलसी गोपाल अंजन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
