गन्ना उत्पादन व चीनी मिल को सर्वाधिक गन्ना आपूर्ति में अव्वल किसान सम्मानित
हिन्द लाइव न्यूज,राजेश भाटिया।

मुरादाबाद।जिले में गन्ना उत्पादन व चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति में अव्वल रहे किसानों को सम्मानित हुए। डीएम डॉ राजेन्द्र पैंसिया ने बतौर उपहार ग्यारह किसानों को मोटर साइकिल बांटीं।
डीएम डॉ राजेन्द्र पैंसिया और सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी की मौजूदगी में किसान दिवस के मौके पर कलेक्ट्रेट परिसर में हुए कार्यक्रम में अगवानपुर दीवान शुगर मिल्स की ओर से लकी ड्रॉ से चयनित 11 गन्ना किसानों को मोटर साइकिल बांटी गईं।
पेराई सत्र 2025-26 में अधिक गन्ना उत्पादन व चीनी मिल को सर्वाधिक गन्ना आपूर्ति वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुरस्कार योजना संचालित की गई थी। इस लकी ड्रॉ में चयनित किसानों को डीएम व सीडीओ ने बाइक की चाबियां प्रदान की। साथ ही रजिस्ट्रेशन,इंश्योरेंस व हेलमेट भी प्रदान किए।
चयनित किसानों में गांव चंगेरी की सविता व भूरिया, मोहम्मदपुर ध्यान की महिला राकेश देवी, गदापुर के इसरार, आदमपुर की अलीमा,सेरुआ धर्मपुर के किसान महेन्द्र सिंह,मोड़ा के सोमपाल सिंह,नगला जोगराज के जसवीर सिंह सुल्तानपुर के धर्म प्रकाश, संजरपुर की हसीना खातून और ज्ञानपुर की सुधा देवी शामिल हैं।इस दौरान डीएम ने शुगर मिल के प्रयासों की सराहना की।कहा कि किसानों को अधिक गन्ना उत्पादन एवं चीनी मिलों को अधिक गन्ना आपूर्ति के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कार्यक्रम किए जाने चाहिए।
इस मौके पर जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि जिले में चीनी मिलों की ओर पेराई सत्र 2025-26 का संपूर्ण गन्ना मूल्य भुगतान किसानों को किया गया है।कार्यक्रम में दीवान शुगर मिल्स अगवानपुर के यूनिट हेड महेश पाण्डेय,मुख्य प्रबंधक (प्रशासन) सुशील खोखर, जीएम (गन्ना) राजपाल सिंह,डिप्टी जीएम एनसी पंत समेत विभागीय व अन्य अधिकारी रहे।
