कांठ के वैश्य बिश्नोई शिव मंदिर में पांच दिवसीय गणेश उत्सव की शुरुआत
हिन्द लाइव न्यूज, राजेश भाटिया।

मुरादाबाद।कांठ के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में श्रीगणेश चतुर्थी पर्व पर घर घर में भक्ति का माहौल है।पर्व को लेकर भक्तों में उत्साह दिखाई दे रहा है।कल सोमवार से घर-घर भगवान श्रीगणेश की पूजा- अर्चना शुरू की जाएगी। भक्तों ने श्रीगणेश उत्सव मनाने के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
कांठ शहर के मुख्य बाजार स्थित श्री वैश्य बिश्नोई शिव मंदिर में 14 सितंबर से पांच दिवसीय श्रीगणेश उत्सव शुरू होगा। आयोजन कमेटी के साहू पार्थ बिश्नोई का कहना है कि मंदिर में चतुर्थी पर स्थापित करने को भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा लाई गई है।
सोमवार को श्री गणेश चतुर्थी पर सुबह ग्यारह बजे से उत्सव शुरु होगा। मंदिर कमेटी अध्यक्ष अनिल कुमार विश्नोई ने बताया कि पंडित सुरेंद्र शर्मा विधि विधान से पूजा-अर्चना करेंगें। अध्यक्ष के अनुसार इस दौरान मंदिर में रोजाना सुबह 8 बजे और शाम को 7:30 बजे से पूजन होगा।इसी के साथ इस बार 18 सितंबर को विधि विधान से गणेश प्रतिमा का रामगंगा में विसर्जन किया जाएगा।नगर के पट्टीवाला में सैनी धर्मशाला परिसर में 14 सितंबर से श्रीगणेश महोत्सव शुरू होगा।
आयोजन कमेटी के धर्मपाल सिंह सैनी ने बताया कि प्रतिदिन पूजन के बाद 25 सितंबर को श्रीगणेश प्रतिमा का विसर्जन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
