आरोपियों की तलाश में जुटीं पुलिस
हिन्द लाइव न्यूज,राजेश भाटिया।

मुरादाबाद। शहर के दिल्ली हाईवे किनारे स्थित एक चाय के ढाबे पर युवकों के बीच हुए विवाद में किशोर अब्दुल्ला(17) की गोली लगने से मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। मृतक बर्तन कारोबारी का बेटा था।
मृतक की पहचान पाकबड़ा के मोहल्ला मुल्लाओं वाला के अब्दुल्ला के रूप में हुई है।वह बर्तन कारोबारी शाकिर का पुत्र था।बताया गया कि ढाबे पर चाय पीने के दौरान कुछ युवकों के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। इसी दौरान एक युवक ने गोली चला दी।गोली अब्दुल्ला के लगीं। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया पर उसे बचाया नहीं जा सका।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह और सीओ सिविल लाइंस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। ढाबे, आसपास सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ढाबे पर मौजूद लोगों और कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि चाय पीने के दौरान युवकों के बीच हुए विवाद के बाद फायरिंग हुई। गोली लगने से पाकबड़ा का निवासी अब्दुल्ला घायल हो गया था। अस्पताल में मौत हो गई।घटनास्थल से सुराग मिले हैं। मृतक के परिजनों से तहरीर ली जा रही है।
मुरादाबाद पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर बताया है कि उक्त प्रकरण में थाना मझोला पर विधिक कार्रवाई प्रचलित है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
