एक्जाम स्पेशल पहली ट्रेन पूरी तरह पैक
सुरक्षा के चलते ट्रेन को दोपहर डेढ़ बजे प्लेटफार्म एक से चलाया
ट्रेन संचालन में जुटा रेल व पुलिस प्रशासन
एसपी सिटी, सीनियर डीसीएम,एसपी जीआरपी समेत तमाम अधिकारी स्टेशन पर डटे
ज्यादातर परीक्षार्थी लखनऊ,अयोध्या, गोन्डा, बाराबंकी, रामपुर जिले के
हिन्द लाइव न्यूज,राजेश भाटिया।

मुरादाबाद।उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) के पहले दिन की पारी सकुशल संपन्न हो गई। परीक्षार्थियों की भीड़ रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो अभ्यर्थियों की भीड़ प्लेटफार्म पर एकत्रित हो गई। भीड़ देख रेल व पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया।प्रशासन ने ट्रेन फुल होते ही तत्काल रवाना किया।
रेल प्रशासन ने मुरादाबाद से लखनऊ के पहली एक्जाम स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी की थीं। रेलवे व पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था के चलते एक्जाम स्पेशल ट्रेन को प्लेटफार्म एक ही रखा। अभ्यर्थी खड़ी ट्रेन में सवार होने लगे।कुछ देर में 13 कोच की एक्जाम स्पेशल ट्रेन फुल हो गई।

रेलवे का कहना है कि परीक्षा देने आई महिला अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए एक्जाम स्पेशल ट्रेन में एक लेडीज कोच भी जोड़ा गया।कोच के बाहर आरपीएफ का महिला पुलिस भी मौजूद रहीं। महिला परीक्षार्थियों को एहतियात के साथ कोच में बैठाया गया।
इस दौरान एसपी जीआरपी आशुतोष मिश्रा के अलावा रेलवे के सीनियर डीसीएम महेश यादव,स्टेशन अधीक्षक महेन्द्र कुमार, डिप्टी एसएस कुंवर सिंह नौटियाल,जीआरपी प्रभारी रविन्द्र वशिष्ठ समेत तमाम पुलिस फोर्स रहा।
डीएम,एसएसपी स्टेशन पहुंचे, भीड़ का जायजा

रविवार को पहली पारी की परीक्षा के बाद सड़कों पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ जुट गई।बड़ी संख्या में परीक्षार्थी रेलवे स्टेशन पहुंच गए। इस दौरान सुबह से सक्रिय डीएम अनुनय सिंह व एसएसपी सतपाल अंतिल,एसपी सिटी ने स्टेशन पर स्थिति का निरीक्षण किया और व्यवस्था देखीं।
अफसरों ने स्टेशन पर संभालीं व्यवस्था

एसपी सिटी के अलावा सीओ भी व्यवस्था संभालने में जुटे रहें।परीक्षा स्पेशल ट्रेन के फुल देख इसे समय से रवाना किया गया।अभ्यर्थियों के आवागमन को सुलभ बनाने में जुटे अफसर डीएम व एसएसपी ने रेलवे स्टेशन के अलावा बस अड्डा आदि का निरीक्षण किया। ताकि यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों को अपने गंतव्य के लिए शहर से निकलने के दौरान किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
