कई ट्रैक्टरों के संग तिरंगा फहराते कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान
यूनियन भारतीय किसान ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
हिन्द लाइव न्यूज,राजेश भाटिया।

मुरादाबाद। शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक)ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। ट्रैक्टरों पर तिरंगा लहराते हुए जूलुस के रूप में आए किसानों ने प्रदर्शन किया और अपनी गन्ना मूल्य में वृद्धि समेत अन्य मांगों को प्रशासन के सामने रखा।किसानों ने मांग की कि गन्ने का मूल्य पांच सौ रूपए प्रति क्विंटल निर्धारित हो।साथ ही खाद-बीज की उपलब्धता व बारिश से फसल के नुकसान के लिए मुआवजा भी मांगा।

भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) से जुड़े किसानों ने गन्ने का मूल्य बढ़ाने व किसानों की विभिन्न समस्याओं के निस्तारण की मांगों पर आवाज बुलंद की। ट्रैक्टरों पर सवार किसानों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया और तिरंगा लहराया।
इस दौरान प्रदर्शकारी किसानों ने डीएम अनुनय झा को ज्ञापन सौंपा। किसानों की प्रमुख मांग की।कहा कि गन्ने का मूल्य 500 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया जाएं।पांच अन्य मांगे भी रखीं।
डीएम को सौंपे ज्ञापन में यूनियन जिलाध्यक्ष चौ.सतीश कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गन्ने की केवल फसल नहीं बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है।

संगठन के अनुसार यूपी में करीब 48 लाख गन्ना किसान परिवार इससे जुड़े हैं। खेती की लागत लगातार बढ़ने और गन्ने के मूल्य में उसी अनुपात में वृद्धि नहीं होने से अब किसानों पर आर्थिक दबाव है। जिलाध्यक्ष ने गन्ने का मूल्य ₹500 प्रति क्विंटल करने की मांग की। साथ ही किसानों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।संगठन के अनुसार डीजल, खाद,कीटनाशक,सिंचाई और कृषि मजदूरी की लागत में बढ़ोतरी को देखते हुए गन्ने के मूल्य पर पुनर्विचार करना जरूरी है।
इसके अलावा बारिश से खराब हुई फसल के नुकसान पर मुआवजा देने,असमय बारिश व तेज हवाओं से धान, उड़द,मूंग सहित अन्य फसलों को हुए नुकसान का गांववार सर्वे कराने की भी मांग की है।इसके अलावा ठेके पर खेती करने वाले किसानों को राहत यूरिया व डीएपी की उपलब्धता सुनिश्चित करने समेत अन्य मांगें रखीं।
