गुरुवार को गाजियाबाद में पदयात्रा और विशाल रैली
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपाई पदयात्रा में होंगे शामिल
हिन्द लाइव न्यूज, राजेश भाटिया।

मुरादाबाद। गाजियाबाद में गुरुवार को होने वाली पदयात्रा और रैली में भाजपाइयों का सैलाब उमड़ेगा।पदयात्रा में शामिल होने के लिए मुरादाबाद से 70 बसों और सौ वाहनों से भाजपाई सुबह रवाना होंगे। कार्यकर्ताओं के जाने की रूपरेखा तैयार की गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में होने वाली गाजियाबाद में पदयात्रा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भाजपा कार्यकर्ता जुटेंगे। गाजियाबाद में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा व रैली में मुरादाबाद से कार्यकर्ताओं के लिए पौने दो सौ बस व वाहनों की व्यवस्था की गई है। मुरादाबाद में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मुरादाबाद में स्थानीय नेता,कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें भी हुई।
शहर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने बताया कि इस ऐतिहासिक पदयात्रा में सहभागिता के लिए महानगर से 30 बसें व जिले से 40 बसों से कार्यकर्ता रवाना होंगे। इसके अलावा सौ से अधिक वाहनों के गाजियाबाद जाने की व्यवस्था की गई है। सभी मंडलों के अनुसार वाहनों की व्यवस्था निर्धारित की गई है।
गुरुवार सुबह ही जिले व महानगर के मंडलों निर्धारित स्थानों से कार्यकर्ता गाजियाबाद के लिए प्रस्थान करेंगे।उन्होंने बताया कि गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित KW-6 मॉल से रिवर हाइट्स तिराहा तक आयोजित होने वाली विशाल पदयात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे।
शहर विधायक रितेश गुप्ता ने बताया कि गाजियाबाद में पदयात्रा व विशाल रैली में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दोहराएंगे। कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं,बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सौहार्द,राष्ट्रीय एकता और सुशासन की रक्षा के प्रति जन संकल्प की अभिव्यक्ति है।
