कांग्रेस प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम का पहला मुरादाबाद मंडल में दौरा
23 जुलाई को पहले अमरोहा व फिर संभल में कार्यकर्ताओं से रूबरू
चुनावी नब्ज भी टटोलेंगे, विस सीटों पर समीकरणों पर भी चर्चा
राजेश भाटिया,हिन्द लाइव न्यूज।

मुरादाबाद। यूपी कांग्रेस के नए प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम मुरादाबाद मंडल में पहला राजनैतिक दौरा करेंगे। कांग्रेस प्रभारी अमरोहा व संभल में 23 जुलाई को आएंगे। बैठक कर कार्य कर्ताओं में जोश भरेंगे।साथ ही विस चुनाव की तैयारियों से लेकर मौजूदा सियासी हालातों पर भी मंथन करेंगे।पार्टी प्रभारी के दौरे को लेकर कांग्रेस में सियासी हलचल तेज हो गई है।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के नए प्रभारी बने राजेन्द्र पाल गौतम का मुरादाबाद क्षेत्र में पहला दौरा होगा। कांग्रेस नेताओं की माने तो प्रभारी 23 जुलाई को मंडल में दौरे पर रहेंगे। मुरादाबाद क्षेत्र में यह उनका पहला दौरा होगा।

कांग्रेस के एआईसीसी सदस्य मरगूब आलम के अनुसार कांग्रेस प्रभारी दो जिलों का 23 जुलाई को दौरा करेंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। पहले सुबह अमरोहा व फिर संभल में जिला व शहर संगठन व कार्यकर्ताओं के साथ संवाद का कार्यक्रम है।

इस दौरान प्रभारी संगठन की जमीनी हकीकत, चुनावी तैयारी,बूथ स्तर पर ताकत की टोह लेंगे।साथ ही जिले में विधानसभा सीटों पर सियासी समीकरण की संभावनाएं भी तलाशेंगे।इस दौरान उनके संग अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महासचिव नासिर चौधरी समेत अन्य भी नेता होंगे।
कांग्रेस प्रभारी के दौरे को देखते हुए संभल में हाजी आरिफ व शहर अध्यक्ष शिव किशोर गौतम समेत कांग्रेसी नेता तैयारियों में जुट गए है। रविवार को संभल में एआईसीसी समेत अन्य नेताओं ने तैयारी बैठक की।
